Top News

कुनकुरी थाना परिसर में युवती की मौत, सिस्टम की संवेदनहीनता पर उठे सवाल, उच्च स्तरीय जांच की मांग



कुनकुरी, जशपुर  (ऊर्जाधानी पत्रिका)मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर के कुनकुरी थाना परिसर में एक युवती द्वारा आत्महत्या कर लेने की दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


क्या है मामला:- मिली जानकारी के अनुसार, एक युवती अपनी फरियाद लेकर कुनकुरी थाना पहुंची थी। आरोप है कि थाना परिसर में ही उसने मोबाइल टॉवर पर चढ़कर जान दे दी। घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली और संवेदनशीलता कठघरे में है।


उठ रहे बड़े सवाल: -

1. सुरक्षा पर सवाल: जब एक बेटी थाना परिसर के भीतर ही सुरक्षित नहीं है, तो पूरे प्रदेश की बहन-बेटियों की सुरक्षा का क्या हाल होगा?  

2. पुलिस की भूमिका: पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद युवती को बचाया क्यों नहीं जा सका? घटना को रोका क्यों नहीं गया?  

3. शिकायत का सच: युवती किस शिकायत को लेकर थाने आई थी? क्या उसकी शिकायत दर्ज की गई थी या उसे नजरअंदाज कर दिया गया?  

4. दबाव का आरोप: परिजनों का आरोप है कि सच को दबाने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। आखिर किसे बचाने की कोशिश हो रही है?


समाज में आक्रोश:- मुख्यमंत्री के खुद के जिले में हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। यह घटना सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। लोगों में भारी आक्रोश है।

जनता की मांग: -

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस घटना के लिए जो भी अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदार हैं, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई बेटी न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर न हो।


पुलिस का बयान:-

फिलहाल कुनकुरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

أحدث أقدم