जांजगीर-चांपा(ऊर्जाधानी पत्रिका) जिले के ग्राम करही में कांग्रेस नेता एवं व्यवसायी रमेशलाल कश्यप के घर हुई सनसनीखेज फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के लगभग एक महीने बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी थी।
घर में घुसकर बरसाईं गोलियां, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
23-24 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता रमेशलाल कश्यप के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में बड़े बेटे आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे बेटे आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि हमलावरों ने पहले रमेशलाल कश्यप के कमरे को बाहर से बंद किया, फिर आयुष के कमरे में घुसकर गोलीबारी की। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई को भी निशाना बनाया गया।
उधारी विवाद, व्यापारिक जलन और प्रतिशोध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच और आरोपी भूषण बघेल से पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि घटना के पीछे उधारी का विवाद, व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और द्वेष की भावना प्रमुख कारण रहे। आरोपी पक्ष मृतक परिवार की आर्थिक प्रगति और बढ़ते प्रभाव से खुद को नुकसान में महसूस कर रहा था, जिसके चलते हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस ने चलाया “ऑपरेशन हंट”, 7 राज्यों में दी दबिश
घटना के बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने घटनास्थल का दौरा कर विशेष टीम गठित की और ग्राम करही में विशेष पुलिस कैम्प स्थापित किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में “ऑपरेशन हंट” शुरू किया गया, जिसके तहत गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर समेत सात राज्यों में दबिश दी गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता और अन्य सहयोगियों की तलाश अभी जारी है।
जांच में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भूषण बघेल के पास पहले से अवैध हथियार मौजूद था। वारदात से पहले आरोपियों ने घर के आसपास लगे CCTV कैमरे भी तोड़ दिए थे, ताकि सबूत न मिल सके।
भाजपा नेता राजेश यादव ने जताया आभार
भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक व बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने इस घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए प्रारंभ से ही उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजना न्याय की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।



إرسال تعليق