संवाददाता सुनील महंत
कोरबा पाली(ऊर्जा धानी पत्रिका)
आज विश्व पर्यावरण दिवस, 2026 के अवसर पर पाली जिला कोरबा के ग्राम भरुआमुड़ा, ग्राम पंचायत चैतमा के वन अधिकार समिति द्वारा जंगल हमारा, जिम्मेदारी हमारी अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत गांव में सभी महिलाओं ने मिलकर जंगल से मिलने वाली 20 विभिन्न बीजों का संग्रहण करके कुल 23000 सीड बॉल तैयार किये। आज के कार्यक्रम में सीड बॉल को डिस्प्ले किया और आगे मानसून आने के बाद सीड बॉल को उपयुक्त जगह में डाला जाएगा। इसके साथ ही आज ग्रामवासियों ने जंगल के सतत संरक्षण के लिये लगातार कार्य करने का भी संकल्प लिया। यह अभियान अभी लगातार 10 गांव में चलेगा।कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ता बिपाशा पॉल ने कहा हम सबके छोटे छोटे एवं सतत प्रयास वन और पर्यावरण के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है। सिर्फ पेड़ लगाकर नहीं बल्कि प्राकृतिक एवं प्राचीन वनों को बचाकर और उन सभी संघर्षों के साथ एकजुट होकर इस देश के नागरिक होने का एक महत्वपूर्ण संविधानिक कर्तव्य हमें निभाना ही होगा।कार्यक्रम में वन विभाग से बीट गॉर्ड सुश्री उर्मिला भी उपस्थित रहीं। उन्होंने ग्राम वन अधिकार समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीड बॉल एक बहुत ही कारगर तरीका है जंगल के पुनरुत्पादन को बढ़ाने का। ऐसे प्रयास ग्राम स्तर पर होना बहुत ही जरूरी है इस से जंगल के प्रति लोगों की संवेदनशीलता भी बढ़ती है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों सहित चैतमा सरपंच राजलाल सिन्द्राम, उपसरपंच सुकालू प्रजापति, पंच किताब सिंह, पूर्व सरपंच गिरीश कुमार पारसे, वैन अधिकार समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार, सचिव मूरित राम तथा सदस्य उपस्थित हुए।



Post a Comment